Home Uttar Pradesh मेरठ में कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा, बोले शिवभक्त “योगी जी ने फूल...

मेरठ में कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा, बोले शिवभक्त “योगी जी ने फूल नहीं सम्मान बरसाया”

4
0

मेरठ, 8 अगस्त। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया। मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत और हेलिकॉप्टर से आसमान से बरसते फूलों ने शिवभक्तों में नई ऊर्जा भर दी। पुष्पवर्षा के दौरान पूरा कांवड़ मार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा।

तपती सड़क, पैरों में छाले और सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा के बीच जब शिवभक्तों पर आसमान से फूल बरसे तो उनके चेहरों पर थकान की जगह उत्साह और खुशी नजर आई। कांवड़ियों ने हाथ उठाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपनी खुशी जताई। शिवभक्तों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर सिर्फ फूल नहीं बरसाए, बल्कि भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था, भक्ति और कठिन तपस्या का सम्मान किया है।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबाद जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि योगी जी ने फूलों के साथ हमारी आस्था और तपस्या का सम्मान किया है। यह पल जिंदगी भर याद रहेगा। दिल्ली के रोहित ने कहा कि कई दिनों से पैदल चलने के कारण शरीर थक गया था। गर्मी, उमस और भीड़ के बीच यात्रा करना आसान नहीं है, लेकिन जब हेलिकॉप्टर से फूल बरसे और सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिखाई दिए तो सारी थकान जैसे एक पल में गायब हो गई।

गाजियाबाद के कांवड़िए मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे सरकार की गंभीरता दिखाई देती है। मुख्यमंत्री खुद कांवड़ मार्ग का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री ने संदेश दिया है कि शिवभक्त सरकार के लिए सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि भगवान शिव के भक्त और अतिथि हैं।

दिल्ली के अनुज ने कहा कि मेरठ में हुए भव्य स्वागत की कहानी वह घर पहुंचने के बाद अपने परिवार और दोस्तों को जरूर सुनाएंगे। बुलंदशहर से कांवड़ लेकर पहुंचीं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को बेहद भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था लेकर निकले शिवभक्तों पर फूल बरसते देख मन प्रसन्न हो गया। मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सम्मान खुशी और गर्व का विषय है।

हापुड़ से आईं शिवभक्त विजया और जयंती ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ ऐसा सम्मान मिलना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई भगवा ध्वज लहराते हुए आगे बढ़ रहा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से करीब 20 मिनट तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि भी उनके साथ मौजूद रहे। वहीं हेलिकॉप्टर से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने भी कांवड़ मार्ग पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलने पर कई राज्यों से आए कांवड़िए शुक्रवार रात से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास बने शिविरों में रुक गए थे। योगी आदित्यनाथ के मंच पर पहुंचते ही कांवड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।

कांवड़ मार्ग से गुजर रही बड़ी कांवड़ों के साथ डीजे भी आकर्षण का केंद्र रहे। जैसे ही डीजे वाली कांवड़ें मुख्यमंत्री के मंच के पास पहुंचीं, शिवभक्तों का उत्साह बढ़ गया। कई कांवड़ियों ने धार्मिक गीतों के साथ मुख्यमंत्री के समर्थन में गीत भी बजाए। मुख्यमंत्री भी मंच से गुजर रहे कांवड़ियों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते रहे और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें आगे बढ़ने का संकेत देते रहे। कांवड़िए भी मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए उत्साह के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

पुष्पवर्षा के दौरान नेशनल हाईवे के दोनों ओर बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए।

पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान एनडीए के सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की नजर जब रालोद सांसद चंदन चौहान और बागपत सांसद राजकुमार सांगवान पर पड़ी तो उन्होंने दोनों को अपने पास बुलाया और साथ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कराई।

मेरठ में पुष्पवर्षा का यह दृश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा, सम्मान और उत्साह का खास पल बन गया। आसमान से बरसते फूलों और सड़क पर गूंजते हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शिवभक्त नई ऊर्जा के साथ बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित करने के लिए आगे बढ़ते रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here