लखनऊ, 8 अगस्त। उत्तर प्रदेश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी भविष्य की तकनीक से जोड़ने की योगी सरकार की पहल ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। राज्य स्तरीय ‘AI फॉर ऑल’ मूल्यांकन परीक्षा में करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और औसतन 70.41 अंक हासिल किए। परीक्षा में 89 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी सफल रहे।
परीक्षा में 12,500 से अधिक छात्रों ने 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि 28 हजार से अधिक विद्यार्थी 50 से 80 अंक की सक्षम श्रेणी में रहे। 50 से कम अंक पाने वाले 4,819 छात्रों के लिए विशेष ‘रिमेडियल AI मॉड्यूल’ शुरू किए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सके।
क्षेत्रवार प्रदर्शन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां 18,395 छात्रों का औसत स्कोर 74.3 अंक रहा और 37.8 प्रतिशत छात्र उत्कृष्ट श्रेणी में रहे। बुंदेलखंड ने भी 74.2 के औसत स्कोर के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। यहां 50 से कम अंक पाने वाले छात्रों का प्रतिशत पूरे प्रदेश में सबसे कम 4.9 प्रतिशत रहा। मध्य यूपी का औसत स्कोर 69.7 और पूर्वांचल के 21 जिलों के 14,387 छात्रों का औसत स्कोर 64.7 रहा।
परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 12,500 से ज्यादा मेधावी छात्रों को एडवांस्ड AI, कोडिंग और रोबोटिक्स में विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं कमजोर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए सुधारात्मक प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
परीक्षा का आयोजन महज 5 दिनों में पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत संचालित इस पहल का उद्देश्य गांव और शहर के बीच डिजिटल अंतर को कम करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करना है।
‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 210 घंटे का निःशुल्क कौशल विकास कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें आईटी, ब्यूटी, हेल्थकेयर, कृषि और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे रोजगारपरक कौशल शामिल हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को AI की बुनियादी जानकारी देने के लिए 4 घंटे का ‘AI फॉर ऑल’ कोर्स संचालित किया जा रहा है






