देहरादून: उत्तराखंड सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जल्द ही निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं के भविष्य का निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग योजना तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना को जल्द ही पूरे प्रदेश में लॉन्च किया जाएगा। इसका सबसे अधिक लाभ उन छात्र-छात्राओं को मिलेगा, जो आर्थिक संसाधनों की कमी के चलते महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाते हैं।
ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा से विद्यार्थियों को घर बैठे विशेषज्ञ मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। इससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही विद्यार्थियों का समय और अतिरिक्त आर्थिक खर्च भी बचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक स्थिति किसी भी विद्यार्थी की सफलता के रास्ते में बाधा न बने।





