महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से राहत मिलने के बाद पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह लगातार अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। एक चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ अपने रिश्तों और मुलायम सिंह यादव के परिवार के संस्कारों को लेकर खुलकर बात की।
अखिलेश यादव से अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा, “व्यक्तिगत संबंध मेरे उनके पिताजी से भी थे, इनसे भी हैं, लेकिन हम कोई राजनीतिक सलाहकार नहीं हैं। हमारी उनसे राजनीतिक वार्ता नहीं होती है।” इसके बाद उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार के व्यवहार और संस्कारों की तारीफ करते हुए अपने बच्चों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं अपने बच्चों से कहता था कि परिवार का संस्कार क्या होता है, तुम लोग मुलायम सिंह के यहां 10-15 दिन रहो और देखो।”
बृजभूषण सिंह ने कहा कि वह हर राजनीतिक व्यक्ति से यही कहते हैं कि संस्कार सीखने हों तो मुलायम सिंह के परिवार में रहकर देखें। उन्होंने परिवार में मिलने वाले लोगों के व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हर व्यक्ति नमस्ते करेगा और हालचाल पूछेगा कि नाश्ता किया या नहीं। उन्होंने कहा कि छोटे-बड़े सभी लोगों के प्रति वहां अपनापन और सम्मान का भाव दिखाई देता है।
उन्होंने अपनी बात को राजनीति से अलग रखने की अपील करते हुए कहा कि मुलायम सिंह के परिवार में मिलने वाला यह व्यवहार राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक संस्कार का हिस्सा है। बृजभूषण सिंह की मुलायम सिंह यादव के परिवार को लेकर की गई यह टिप्पणी अब चर्चा में है।

