शराबबंदी पर पप्पू यादव का हमला, बोले- ‘भ्रष्टाचार चरम पर, नशा घर-घर पहुंचा’
बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने राज्य में लागू शराबबंदी को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है, उन्होंने दावा किया कि शराबबंदी अपने उद्देश्य को हासिल करने में सफल नहीं रही और बिहार में नशे का कारोबार बढ़ा है, साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा, पप्पू यादव ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2016 में लागू की गई शराबबंदी की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं, उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसा क्या सफल रहा है, जिसे सरकार अपनी उपलब्धि के तौर पर पेश कर सके।
‘नशा घर-घर पहुंच गया’
शराबबंदी पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि शराब पर प्रतिबंध लगाने के तरीके और कानून की समय-समय पर समीक्षा होनी चाहिए थी, उनके मुताबिक वर्षों से शराबबंदी के बावजूद इसके प्रभाव का उचित मूल्यांकन नहीं किया गया, उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ा है और शराब के साथ-साथ ड्रग्स का कारोबार भी बढ़ा है, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शराब माफिया से नेताओं और अपराधियों को आर्थिक फायदा पहुंचता है।
सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
पप्पू यादव ने बिहार सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए, उन्होंने कथित ‘डस्टबिन घोटाले’ का उदाहरण देते हुए दावा किया कि करीब 1 हजार रुपये की कीमत वाले बॉक्स को नगर निगम ने 15 हजार रुपये में खरीदा, उन्होंने कहा कि अस्पतालों से लेकर नगर निगम तक भ्रष्टाचार के जरिए बड़े पैमाने पर धन की लूट हुई है, हालांकि, उनके इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
अपराध, गरीबी और पलायन पर भी साधा निशाना
पप्पू यादव ने बिहार में अपराध, गरीबी और पलायन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और गरीबी गंभीर स्तर पर पहुंच गई है, उन्होंने दावा किया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
राजनीति में बदलाव की जरूरत: पप्पू यादव
राजनीति में बदलाव को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि नई पीढ़ी का राजनीतिक दलों और नेताओं के प्रति भरोसा कम हुआ है, उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां पुराने राजनीतिक एजेंडों को उसी तरह स्वीकार नहीं करेंगी, उन्होंने नेताओं को राहुल गांधी और अखिलेश यादव से सीखने की सलाह भी दी उनके मुताबिक, राजनीतिक दलों को बदलते समय और युवा पीढ़ी की अपेक्षाओं को समझना होगा, पप्पू यादव ने कहा कि आने वाले समय में जनता राजनीतिक एजेंडों के बजाय अपने वास्तविक मुद्दों को प्राथमिकता देगी और छोटी राजनीतिक पार्टियों के लिए भी चुनौती बढ़ सकती है।

