सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में आम, चीकू और लीची सहित फलदार पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल ने लोगों से पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मां का रिश्ता अटूट है और यह अभियान दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और पेड़ों व धरती की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से भूक्षरण रोकने तथा क्षतिग्रस्त भूमि के पुनर्स्थापन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने संस्थान, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने के साथ स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।

