PM Modi 15 August Speech LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 15 अगस्त 2026 को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इसके बाद 21 तोपों की सलामी दी गई। प्रधानमंत्री ने समारोह से पहले राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। लाल किले से स्वतंत्रता दिवस पर यह उनका लगातार 13वां संबोधन है।
ALSO READ आजम खान को गृह मंत्री बनाने के शिवपाल के बयान पर गरमाई यूपी की सियासत, CM योगी ने साधा निशाना

लाल किले पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके बाद पीएम ने सलामी गारद का निरीक्षण किया। इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने और ‘युवा शक्ति’ पर खास जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री के भाषण में विकसित भारत@2047, युवाओं की भूमिका, देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति और भविष्य की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं जैसे विषय प्रमुख रहे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग सुविधा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोचिंग का बढ़ता खर्च मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन गया है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य छात्रों को बेहतर तैयारी का अवसर देना और उनके परिवारों पर आर्थिक दबाव कम करना है।
आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत नागरिक सुरक्षा व्यवस्था
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर की चुनौतियों का सामना करने के लिए एक प्रभावी नागरिक सुरक्षा तंत्र और स्वयंसेवी बल तैयार किया जाएगा, जो जरूरत के समय देश और समाज की मदद कर सके।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन
प्रधानमंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत उन महान सपूतों और बेटियों का हमेशा ऋणी रहेगा, जिन्होंने आजादी के लक्ष्य के लिए साहस, त्याग और दृढ़ संकल्प के साथ अपना जीवन समर्पित कर दिया।
देशभर से करीब 5,000 विशेष अतिथि बने समारोह का हिस्सा
इस वर्ष लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया। इनमें महिला उद्यमी, युवा इनोवेटर्स, किसान, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और ‘माय भारत’ के उत्कृष्ट स्वयंसेवक शामिल रहे। इसके अलावा मुद्रा योजना से लाभान्वित महिला उद्यमियों तथा विभिन्न सरकारी पहलों से जुड़े लोगों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।
विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के लिए पीएम मोदी का आह्वान
स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को पूरा करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब देश को छोटे लक्ष्यों तक सीमित रहने के बजाय बड़े सपने और ऊंचे संकल्प लेकर आगे बढ़ना होगा। पीएम ने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।