लखनऊ, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को बड़ी सौगात देंगे। सरकार राशन विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल करने जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में नई व्यवस्था की शुरुआत करेंगे। इस प्रणाली के जरिए उचित दर विक्रेताओं से राशन वितरण और डोर-स्टेप डिलीवरी से जुड़े अनुभव व सुझाव सीधे डिजिटल माध्यम से लिए जाएंगे। ई-पॉस मशीन के माध्यम से दर्ज होने वाले फीडबैक से वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
लखनऊ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर जाएंगे। यहां दोपहर तीन बजे श्रीगोरखनाथ मंदिर के मेला परिसर में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री प्रतियोगिता के विजेता पहलवानों को सम्मानित करेंगे। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु श्रेणी के विजेताओं को मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।