लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बांधी गई भैंसों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों ने एक दारोगा को घेरकर कथित तौर पर लोहे की जंजीर से सिर पर हमला किया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
DCP वेस्ट कमलेश दीक्षित के अनुसार, पुलिस और नगर निगम की टीम सड़क पर अवैध रूप से बांधी गई 200 से अधिक भैंसों को हटाने और जब्त करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि भीड़ ने दारोगा को घेर लिया और जंजीर से सिर पर कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 200 से अधिक भैंसों को जब्त किया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
