रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों और स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार, 18 अगस्त को गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल के सम्मेलन को संबोधित करते हुए दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी और कैशलेस इलाज की सुविधा का ऐलान किया।मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों और स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को **हर साल 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। यह इलाज सरकारी पैनल में शामिल अस्पतालों में कराया जा सकेगा।

ALSO READ हल्दी और घाव: क्या हर जख्म पर हल्दी लगाना सही है?
31 हजार से अधिक जवानों और परिवारों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों ने बाढ़, आपदा, सूखा, महाकुंभ, दीपोत्सव, देव दीपावली, रंगोत्सव, बरसाना के आयोजनों, ट्रैफिक, राजस्व और चुनाव ड्यूटी सहित विभिन्न जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए सरकार की ओर से यह सुविधाएं दी जा रही हैं।
250 रुपये से 600 रुपये तक पहुंचा दैनिक भत्ता
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय पीआरडी जवानों को महज 250 रुपये दैनिक भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये, वर्ष 2022 में 395 रुपये और वर्ष 2025 में 500 रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पीआरडी जवानों की मांग विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ी है। ट्रैफिक व्यवस्था, एयरपोर्ट, पैमाइश, औद्योगिक संस्थानों और मेट्रो की सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों तथा अन्य व्यवस्थाओं में भी पीआरडी स्वयंसेवक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
लखनऊ में बनेगा बहुमंजिला पीआरडी बैरक
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के सरोजिनी नगर में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पुलिस और होमगार्ड के साथ-साथ अब प्रांतीय रक्षक दल के लिए भी बेहतर अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
‘देश प्रथम’ के संकल्प के साथ काम करने की अपील
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों से अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी का ध्येय ‘देश प्रथम’ होना चाहिए और देश की एकता-अखंडता को कमजोर करने वाले प्रयासों से सतर्क रहना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तेजी से वृद्धि हुई है और प्रदेश अब देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है।
