बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुस्लिम समाज से भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरोध की राजनीति खत्म कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने की जिम्मेदारी केवल मुसलमानों की नहीं, बल्कि तथाकथित सेक्युलर राजनीतिक दलों की भी है।
मौलाना ने कहा कि पिछले कई वर्षों से मुसलमानों के बीच भाजपा के विरोध की राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जिसका राजनीतिक लाभ समाजवादी पार्टी और अन्य दलों को मिला, जबकि इसका नुकसान मुस्लिम समाज को उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब मुसलमानों को अपने नजरिए में बदलाव लाकर शिक्षा, रोजगार, कारोबार और परिवार के भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेताओं ने मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से उकसाया और भाजपा के खिलाफ लामबंद किया। उनका दावा है कि विरोध-प्रदर्शनों के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों को जेल और लाठियों का सामना करना पड़ा, जबकि राजनीतिक दलों ने इसका सियासी लाभ उठाया।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि मुस्लिम समाज को राजनीतिक दलों की रणनीति और कथित दोहरे रवैये को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का अंधा विरोध करने के बजाय मुसलमानों को अपने बच्चों की शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि जगह-जगह भाजपा विरोध की राजनीति करने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ भविष्य की दिशा तय करें। मौलाना ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही नकारात्मक राजनीति ने समाज के विकास को प्रभावित किया है, इसलिए अब नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए विकास और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का समय है।