उत्तराखंड के रुड़की में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रुड़की-कलियर कांवड़ मार्ग पर चार बाइक एक के बाद एक आपस में टकरा गईं, हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह युवक घायल हो गए, घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दो बाइकों की टक्कर के बाद हुआ बड़ा हादसा
हादसा शुक्रवार रात रुड़की और बाजूहेड़ी के बीच कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय दो बाइक आमने-सामने से आ रही थीं, इसी दौरान दोनों की जोरदार टक्कर हो गई, टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही दो अन्य बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सड़क पर गिरे लोगों से जा टकराईं, कुछ ही सेकेंड में दो बाइकों की शुरुआती भिड़ंत ने चार बाइकों को शामिल करते हुए बड़े हादसे का रूप ले लिया, चारों बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गईं, जबकि कई युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे।
Also Read – ‘अनपढ़ रहेगा इंडिया तभी अंधभक्त बनेगा इंडिया’ भाजपा का असली नारा – संजय सिंह
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। राहगीरों ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें सड़क से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग किया, सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा।
अस्पताल में तीन युवकों को मृत घोषित किया गया
हादसे में कुल नौ युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया वहीं, छह घायलों का इलाज शुरू किया गया है, इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, तीन युवकों की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने में जुटी हुई है। पुलिस की ओर से परिजनों को घटना की जानकारी देने की प्रक्रिया शुरू की गई है, पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी शुरू कर दी है, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चारों बाइक किस तरह एक-दूसरे से टकराईं, फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।