Devdutt Padikkal of India plays a shot during Day 1 of the 2nd Test match between Sri Lanka and India at the Sinhalese Sports Club Ground, Colombo, Sri Lanka, on August 23, 2026. Photo by Pankaj Nangia / CREIMAS for BCCI
कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 300 रन बना लिए हैं। भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरा शतक जड़ते हुए शानदार फॉर्म जारी रखी, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतकीय पारी खेली।
भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और 37 रन के स्कोर पर राहुल का विकेट गिर गया। इसके बाद 66 रन के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल के आउट होने से भारत को एक और झटका लगा। ऐसे मुश्किल समय में देवदत्त पडिक्कल और शुभमन गिल ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 120 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 193 गेंदों में 117 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके शामिल रहे। इस टेस्ट सीरीज में पडिक्कल का लगातार दूसरा शतक है। इससे पहले सीरीज के पहले टेस्ट में भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रनों की पारी खेली थी। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने भी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 50 रन बनाए। गिल और पडिक्कल की साझेदारी ने भारतीय पारी को संकट से उबारने में अहम भूमिका निभाई।
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 3 रन के स्कोर पर रिटायर हर्ट हो गए। इसके बाद रविंद्र जडेजा ने 43 रनों की उपयोगी पारी खेली दिन का खेल खत्म होने तक ध्रुव जुरेल 7 रन और टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर रहे सारांश जैन 4 रन बनाकर नाबाद हैं।
श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने भारतीय पारी के तीन विकेट अपने नाम किए। पहले दिन का खेल भारत के नाम रहा और टीम ने 300 रन बनाकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अब भारतीय बल्लेबाजों की नजर दूसरे दिन बड़ा स्कोर खड़ा करने पर होगी, जबकि श्रीलंकाई टीम जल्द से जल्द भारतीय पारी को समेटने की कोशिश करेगी।