उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी और शुचितापूर्ण बनाने की दिशा में योगी सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UPSSSC ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा यानी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी कर दी है।
23 अगस्त को आयोजित की गई इस मुख्य परीक्षा के ठीक 24 घंटे के भीतर आयोग की ओर से प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई है। परीक्षा प्रक्रिया में तेजी के साथ पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अभ्यर्थी प्रोविजनल उत्तर कुंजी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। उत्तर कुंजी के माध्यम से अभ्यर्थियों को अपने उत्तरों का मिलान करने और संभावित परिणाम का आकलन करने का अवसर मिलेगा।
प्रोविजनल उत्तर कुंजी 30 अगस्त तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उत्तर कुंजी का अवलोकन कर सकते हैं और यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति हो तो आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसे दर्ज करा सकते हैं।
दरअसल, योगी सरकार की ओर से भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध प्रक्रिया पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में परीक्षा के महज 24 घंटे के भीतर आंसर-की जारी होना अभ्यर्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब अभ्यर्थियों की नजर आगे आने वाले परिणाम और भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण पर है। आयोग की समयबद्ध कार्रवाई से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता को लेकर सरकार के दावे को मजबूती मिलती दिखाई दे रही है।
