समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरक्षण को लेकर दिए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है, राजभर ने सपा और कांग्रेस पर लोकसभा चुनाव से पहले भी जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया, उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का संविधान और आरक्षण दोनों सुरक्षित हैं, राजभर ने कहा कि विपक्षी दल सत्ता से बाहर होने के कारण ऐसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लगाया था आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा था कि आरक्षण में सुधार के नाम पर PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के खिलाफ बड़ी साजिश की जा रही है, अखिलेश के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से पहले भी संविधान और आरक्षण को लेकर लोगों को गुमराह करने का काम किया था, राजभर ने दावा किया कि बीजेपी की सरकार दोबारा बनने के बावजूद संविधान और आरक्षण सुरक्षित हैं, उन्होंने विपक्ष पर सत्ता से बाहर होने के कारण राजनीतिक रूप से बौखलाने का आरोप लगाया।
‘सपा सरकार में प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया गया’
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर भी निशाना साधा, उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रमोशन में आरक्षण को खत्म किया गया, जिसका कर्मचारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा, राजभर ने दावा किया कि इस फैसले से बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान हुआ, उन्होंने कहा कि देश संविधान के दायरे में चल रहा है और संविधान से अलग जाकर कोई भी कदम उठाना उचित नहीं है हालांकि, राजभर के इन राजनीतिक आरोपों और दावों पर सपा की ओर से प्रतिक्रिया आना बाकी है।
‘सपा को वोट सबका चाहिए, लेकिन सांसद…’
राजभर ने अखिलेश यादव पर सामाजिक समीकरणों को लेकर भी हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके साथ मुख्य रूप से यादव और मुस्लिम समाज ही है, उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पार्टी को सभी वर्गों का वोट चाहिए तो राजनीतिक प्रतिनिधित्व में सभी वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
जर्जर स्कूलों के मुद्दे पर भी राजभर का जवाब
उत्तर प्रदेश में जर्जर स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी ओम प्रकाश राजभर ने सरकार का बचाव किया, उन्होंने कहा कि जो स्कूल भवन जर्जर स्थिति में हैं, उन्हें चिन्हित कर ध्वस्त करने और नए भवन बनाने की प्रक्रिया चल रही है, राजभर के मुताबिक कई सरकारी भवन काफी पुराने हो चुके हैं और उनकी स्थिति खराब है, उन्होंने विपक्ष पर केवल पुराने और जर्जर भवनों की तस्वीरें दिखाकर सरकार को घेरने का आरोप लगाया। राजभर ने कहा कि सरकार ने बड़े स्तर पर स्कूल और कॉलेजों का निर्माण कराया है और शिक्षा के क्षेत्र पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।
आरक्षण पर बढ़ सकती है सियासी बहस
अखिलेश यादव के आरक्षण संबंधी बयान और ओम प्रकाश राजभर के पलटवार के बाद उत्तर प्रदेश में आरक्षण और PDA की राजनीति को लेकर बहस और तेज होने के आसार हैं, जहां सपा आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही है, वहीं बीजेपी सरकार के सहयोगी दल के नेता राजभर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए संविधान और आरक्षण की सुरक्षा का दावा कर रहे हैं।
