हरदोई, 24 अगस्त। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हरदोई पहुंचकर केंद्र सरकार पर महंगाई और पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक तरफ चीनी की कीमत बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि करीब 25 लाख टन चीनी बनाने में इस्तेमाल होने वाले गन्ने को एथनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया गया है। यही एथनॉल पेट्रोल में मिलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में करोड़ों दोपहिया और चार पहिया वाहन हैं और बड़े पैमाने पर एथनॉल मिश्रण के कारण लोगों को माइलेज कम होने और इंजन में समस्या जैसी शिकायतें हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता को पेट्रोल से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और दूसरी तरफ चीनी की कीमत करीब 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। संजय सिंह ने इसे आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार बताया।
बुलेटप्रूफ जैकेट के मुद्दे पर भी संजय सिंह ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बुलेटप्रूफ जैकेट की जरूरत अभी छात्रों को पड़ रही है, क्योंकि उनके मुताबिक छात्रों पर AK-47, पैलेट गन और लाठियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि सरकार को बुलेटप्रूफ सुरक्षा पाने वाले लोगों की सूची सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों को किसी तरह का खतरा नहीं है, उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट क्यों दी जा रही है। इस दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों पर कई सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला।
