बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से हो रहे थे व्यावसायिक और आवासीय निर्माण, एलडीए की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। चौक, वजीरगंज, ठाकुरगंज, दुबग्गा, पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में कार्रवाई करते हुए एलडीए की प्रवर्तन टीमों ने 13 अवैध व्यावसायिक और आवासीय निर्माण सील कर दिए।
एलडीए के मुताबिक इन निर्माणों के लिए प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से बंद कराते हुए भवनों को सील किया गया।
PGI और सुशांत गोल्फ सिटी में 6 निर्माण सील

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के मुताबिक पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान 6 अवैध व्यावसायिक और आवासीय निर्माण सील किए गए।
एलडीए के अनुसार हैदर अली, राकेश, हेमराज, राहुल सिंह, प्रकाश चन्द्र बजाज, सोमनाथ अग्रहरि, राम किशोर यादव, भूपेन्द्र सिंह चौधरी समेत अन्य लोगों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्रवाई की जद में आए।
चौक से दुबग्गा तक LDA की कार्रवाई
वहीं प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि चौक, वजीरगंज, ठाकुरगंज और दुबग्गा थाना क्षेत्रों में भी प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
इस दौरान 7 अवैध निर्माणों को सील किया गया। एलडीए के मुताबिक प्रदीप गोयल, कुश मिश्रा, रियाज, रितेश, पूनम कुमार, यूनुस अब्दुल्ला समेत अन्य लोगों द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराया जा रहा था।
बिना नक्शे के निर्माण पर LDA सख्त

एलडीए अधिकारियों के मुताबिक राजधानी में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्राधिकरण की ओर से अवैध निर्माणों की निगरानी के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अवैध निर्माण पर आगे भी चलेगा अभियान
एलडीए की इस कार्रवाई के बाद साफ है कि प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। अलग-अलग प्रवर्तन जोनों में निर्माणों की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
