उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही है। लखीमपुर खीरी की प्रिन्सी गुप्ता ने भी इस योजना का लाभ उठाकर अपने उद्यमिता के सपने को साकार किया है। सरकारी योजना के तहत मिले साढ़े चार लाख रुपये के बिना गारंटी ऋण से उन्होंने स्नैक्स निर्माण का कारोबार शुरू किया। आज उनका व्यवसाय नियमित रूप से संचालित हो रहा है और इससे उन्हें हर महीने करीब 40 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।
लखीमपुर खीरी की रहने वाली प्रिन्सी गुप्ता हमेशा से अपना व्यवसाय शुरू करना चाहती थीं, लेकिन पर्याप्त पूंजी की कमी उनके सामने बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और जुलाई 2025 में उन्हें साढ़े चार लाख रुपये का बिना गारंटी ऋण मिला।
आर्थिक सहायता मिलने के बाद प्रिन्सी ने स्नैक्स निर्माण का व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने अपने उत्पाद तैयार कर उन्हें बाजार तक पहुंचाना शुरू किया। धीरे-धीरे कारोबार आगे बढ़ा और आज वह अपने व्यवसाय का संचालन स्वयं कर रही हैं।
प्रिन्सी के मुताबिक, व्यवसाय शुरू होने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। वर्तमान में वह स्नैक्स निर्माण और बिक्री के जरिए हर महीने करीब 40 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। उत्पाद तैयार करने से लेकर उनकी बिक्री और कारोबार के प्रबंधन तक की जिम्मेदारी वह खुद संभाल रही हैं। प्रिन्सी का कहना है कि उनका लक्ष्य आने वाले समय में कारोबार का विस्तार करना और इसे बड़े स्तर पर ले जाना है। स्वरोजगार ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है, बल्कि अपने फैसले खुद लेने और आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दिया है।
प्रिन्सी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाएं युवाओं और महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दे रही हैं। उनके मुताबिक, यदि सही समय पर वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल जाए तो युवा अपने हुनर और सपनों को कारोबार में बदल सकते हैं। उनका अनुभव बताता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर युवा नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं रोजगार शुरू कर सकते हैं और आगे चलकर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उद्देश्य पात्र युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। सरकार की इस पहल के जरिए युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। प्रिन्सी गुप्ता की सफलता इसी पहल का उदाहरण है, जहां सरकारी सहयोग से एक युवा महिला ने अपने सपने को कारोबार में बदला और आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं।
