योगी सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट परीक्षा संपन्न होने के महज 24 घंटे के भीतर अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 का आयोजन 23 अगस्त को किया गया। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में विज्ञापित पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाना है।
परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रोविजनल आंसर शीट देख सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रोविजनल आंसर शीट 30 अगस्त 2026 तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को उत्तरों का मिलान करने और यदि किसी उत्तर पर आपत्ति हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया गया है।
आयोग की ओर से परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट का लिंक भी जारी किया गया है। इससे अभ्यर्थी अपने प्रश्नपत्र के उत्तरों का मिलान कर संभावित स्कोर का आकलन कर सकेंगे।
योगी सरकार की ओर से लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार, पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं। यूपीएसएसएससी की ओर से परीक्षा के 24 घंटे के भीतर प्रोविजनल आंसर शीट जारी किया जाना इसी पारदर्शी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रोविजनल आंसर शीट से संबंधित किसी भी अपडेट और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना को ध्यानपूर्वक देखें।
