मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू कर बुजुर्ग माताओं को बड़ी सौगात दी है। योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाओं में इसे लेकर खासा उत्साह दिखा। मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान कई महिलाएं भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें कहीं आने-जाने के लिए परिवार के किसी सदस्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अयोध्या, काशी समेत प्रदेश के किसी भी हिस्से में जाने के लिए किराये की चिंता नहीं करनी होगी।
मुख्यमंत्री को सामने देखते ही महिलाओं ने ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष किया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद युवतियों और बेटियों ने कहा कि महिलाओं के लिए ऐसी सुविधा शुरू किए जाने पर उन्हें योगी सरकार पर गर्व है।गोसाईंगंज की गणेश देवी ने कहा कि निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से अब वह निश्चिंत होकर सफर कर सकेंगी। राजरानी ने कहा कि अब जहां जाने की इच्छा होगी, वहां जा सकेंगी। निजामपुर की मिठाना देवी ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस सुविधा के बाद यात्रा के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कई बुजुर्ग महिलाओं ने अयोध्या और काशी की यात्रा करने की इच्छा जताई। उनका कहना था कि किराये की चिंता खत्म होने से अब धार्मिक स्थलों की यात्रा भी आसान हो जाएगी।
कार्यक्रम में छात्राओं में भी रक्षाबंधन को लेकर उत्साह नजर आया। मुंशी पुलिया निवासी और नारी शिक्षा निकेतन पीजी कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली श्रीवास्तव ने कहा कि वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जाएंगी और निशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ लेंगी। जानकीपुरम की आस्था राजपूत ने बताया कि वह अपनी मां के साथ भाई को राखी बांधने जाएंगी।
खदरा की शगुन निषाद ने योजना को महिलाओं के लिए बड़ी सुविधा बताया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ी और मिठाई भी भेंट की गई। अहमामऊ की रचना रावत ने मुख्यमंत्री से पहली बार मुलाकात को यादगार बताया और कहा कि महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकर उत्साह बढ़ा है।
फैजुल्लागंज की हिना परवीन ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए मुख्यमंत्री की योजनाओं को देखकर गर्व महसूस होता है। सिद्धार्थनगर की दिव्या पाठक ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुविधा के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्नाव की सुनीता अवस्थी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से अब परिवार से पैसे मिलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए बहुत अच्छा काम किया है। उन्नाव की पुष्पा ने भी निशुल्क बस सेवा शुरू किए जाने पर खुशी जताई।
लखनऊ की उषा पाल ने कहा कि अब महिलाओं को कहीं आने-जाने के लिए किसी का मोहताज नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि सफर करने वाली महिलाएं आपका नाम लेंगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छे लोगों को चुना जाता है तो अच्छा ही होता है।
सीतापुर की रीता सक्सेना ने कहा कि निशुल्क बस यात्रा से सीतापुर से लखनऊ आना-जाना आसान होगा। उन्होंने कहा कि अब किसी के आश्रित रहने की जरूरत नहीं होगी और जब इच्छा होगी, मंदिर, अयोध्या या बनारस जा सकेंगी।
गाजीपुर की लायका खातून ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब उनका सफर आसान हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार चुनी जाती है तो जनता को इसी तरह कई सुविधाओं का लाभ मिलता है।
कार्यक्रम में सरोजनीनगर की कृष्णावती, जनक दुलारी और उबराजा समेत बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं मौजूद रहीं। कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से भी जुड़ी हैं और सिलाई, कताई-बुनाई जैसे कार्यों के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। निशुल्क बस यात्रा की सुविधा ने इन महिलाओं के लिए आवागमन आसान करने के साथ ही अपने मनपसंद स्थानों पर स्वतंत्र रूप से जाने की उम्मीद भी बढ़ाई है।
