लखनऊ, 26 अगस्त। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 27 अगस्त को गोरखपुर के दूरस्थ ग्राम माथाबारी का दौरा करेंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों, आकांक्षाओं और चुनौतियों को समझेंगे। वायु सेना प्रमुख अपने दौरे के दौरान रामाश्रय ग्राम विकास संस्थान, साखी, माथाबारी का भ्रमण करेंगे। यहां वह संस्थान से जुड़े लोगों से बातचीत कर क्षेत्र में समाज के विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेंगे।
इसके अलावा वह सरस्वती गुरुकुल का भी दौरा करेंगे। यहां विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करते हुए वह बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह स्थानीय युवाओं से भी बातचीत करेंगे और उनके सामने मौजूद अवसरों व चुनौतियों को जानेंगे। वह युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।
दौरे के दौरान ग्रामीणों से भी अनौपचारिक और आत्मीय संवाद होगा। ग्रामीण अपनी समस्याओं, अनुभवों और आवश्यकताओं को वायु सेना प्रमुख के साथ साझा कर सकेंगे। माना जा रहा है कि यह संवाद सशस्त्र बलों और आम नागरिकों के बीच विश्वास और अपनत्व को और मजबूत करेगा।
गोरखपुर के किसी दूरस्थ गांव में सशस्त्र बलों के प्रमुख के रूप में वायु सेना प्रमुख का यह दौरा विशेष महत्व रखता है। यह ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी अवसर होगा। साथ ही, यह दौरा इस संदेश को भी मजबूत करेगा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सशस्त्र बल समाज के हर वर्ग से जुड़े हैं और देश के नागरिकों के साथ उनका आत्मीय संबंध भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
