लखनऊ, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है। महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और सिटी बसों में अपने एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं ने निःशुल्क यात्रा की।
कार्यक्रम के दौरान बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष बसों को रवाना किया। बसों में बैठी महिलाओं ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, तो सीएम योगी ने भी हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बस में मौजूद महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली और उनसे बातचीत कर यात्रा की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
रक्षाबंधन से पहले आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को स्मार्ट कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को बैग, साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाने वाली महिलाओं में राजरानी, गणेश देवी, कलावती, मिठाना, प्रभुदेई, शम्मी, शांति देवी, मंजूलता, शिवकली, द्रौपदी और मीरा समेत अन्य महिलाएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का भी अवसर है। मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से महिलाओं को त्योहार के दौरान अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने-जुलने में सहूलियत मिलेगी।
