लखनऊ, 27 अगस्त: उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे उद्यमियों और नवाचार से जुड़े संस्थानों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ‘भारत इनोवेट्स’ में हिस्सा लेने वाले उद्यमियों को सम्मानित करने के साथ स्टार्टअप प्रोत्साहन राशि और इन्क्यूबेटर्स प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। इसके अलावा इन्क्यूबेटर मान्यता प्रमाण पत्र और यूपी स्टार्टअप फंड से समर्थित स्टार्टअप्स को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने मंच पर पांच स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए। इनमें सिंह डायनमिक प्राइवेट लिमिटेड की अनुषी वर्मा, डिकोड सॉफ्टवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड की रिया कुमारी वंशगोपाल, त्रिशूल स्पेस के दिव्यम, जीनोमिकी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की डॉ. दीक्षा भारती और पीएचएसआई टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड के तुषार राज शामिल रहे।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने इन्क्यूबेटर्स को प्रोत्साहन राशि के चेक भी वितरित किए। नवयुग नवाचार फाउंडेशन, आईईटी लखनऊ के डॉ. पुष्कर और एनआईईटी के डॉ. संजय कुमार को इस दौरान सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन्क्यूबेटर मान्यता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। मंच पर वीबीएसपीयू इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन, जौनपुर की ओर से राकेश सिंह/अविनाश तथा एमएसयू एकेडमिक फाउंडेशन, सहारनपुर की डॉ. विमला वाई और अभिनव पुंडीर को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में यूपी स्टार्टअप फंड से समर्थित स्टार्टअप्स को भी सम्मान मिला। मुख्यमंत्री ने मैग्नम टेक्नोलॉजी के तरुण सेनानी, अल्फाड्रायड इंडिया के अक्षत राज और गौरव जोशी को सम्मानित किया। वहीं, ब्रिस्क ओलिफ के सुनील प्रेमजी को लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने ‘भारत इनोवेट्स’ में भाग लेने वाले उद्यमियों को भी मंच पर सम्मानित किया। इस दौरान अननंत सिस्टम्स, एंड्योर एयरसिस्टम्स, सूयो मैन्युफेक्चरिंग, राफे और वर्वेसमी मिक्स्ड सिग्नल के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के जरिए प्रदेश सरकार ने स्टार्टअप, इनोवेशन और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे युवाओं, संस्थानों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। सरकार का जोर प्रदेश में नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने पर है।
