उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में रवि किशन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए गोरखपुर के विकास को लेकर तीखा तंज कसा। उनके बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, शनिवार (29 अगस्त) को गोरखपुर के वार्ड नंबर 80 बशारतपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी विधायक निधि से बने शहर के सातवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विपक्ष पर निशाना साधा। कार्यक्रम में जब सांसद रवि किशन को संबोधन के लिए बुलाया गया तो उन्होंने अपने खास अंदाज में विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें गोरखपुर पर गर्व है और यहां का विकास उन्हें अद्भुत लगता है।
‘हमें गोरखपुर में स्पेन दिखता है’
रवि किशन ने मंच से कहा कि “हां, हमें गोरखपुर स्पेन लगता है। हमें ये स्मार्ट सिटी लगता है।” इसके बाद उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “तुम आंख के अंधे हो तो हम क्या कर सकते हैं।” रवि किशन की यह बात सुनकर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य लोग भी मुस्कुराने लगे। उनके संबोधन का यह हिस्सा अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विकास को लेकर विपक्ष पर निशाना
रवि किशन ने अपने संबोधन में गोरखपुर में हुए विकास कार्यों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह प्रदेश और खासकर गोरखपुर में हो रहे विकास कार्यों को देखने के बावजूद उसे स्वीकार नहीं करना चाहता। सांसद के बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय रहा। सोशल मीडिया पर भी लोग रवि किशन के अंदाज को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
पहले भी वायरल हो चुके हैं रवि किशन के बयान
रवि किशन अपने बेबाक और अलग अंदाज के बयानों को लेकर पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। इससे पहले एक श्मशान घाट के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उनके संबोधन का वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। उस दौरान मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं के मुस्कुराने के दृश्य भी चर्चा में आए थे। रवि किशन सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। उनके डांस और अभिनय से जुड़े वीडियो और उनकी नकल करते हुए बनाए गए कई मीम और रील सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।
फिलहाल, गोरखपुर कार्यक्रम में दिया गया रवि किशन का ‘स्पेन’ और ‘आंख के अंधे’ वाला बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है।
