Oplus_16908288
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर अपराधियों और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश दिया है। गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कानून से खिलवाड़ करने की किसी को छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “किसी ने कानून की धज्जियां उड़ाने की तनिक भी कोशिश की तो उसकी धज्जियां उड़ाने में देर नहीं लगेगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले हुए हैं। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या आम लोगों की सुरक्षा के लिए संकट पैदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी के दौर से बाहर निकलकर सुरक्षा के माहौल में आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश माफियामुक्त हो चुका है। यदि कोई माफिया या अपराधी दोबारा सिर उठाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, दलित और वंचित वर्ग के किसी भी व्यक्ति के उत्पीड़न या शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगी और कानून तोड़ने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन्हें प्रदेश में विकास, रोजगार और उत्सव का माहौल पसंद नहीं है, वे जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की।
