रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं और उनके सहयात्रियों को योगी सरकार की ओर से दी गई तीन दिवसीय निशुल्क बस यात्रा का प्रदेशभर में व्यापक लाभ मिला। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के आंकड़ों के मुताबिक 27 से 29 अगस्त 2026 तक प्रदेश में कुल 88,94,730 यात्रियों ने निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठाया। इनमें 55.17 लाख महिलाएं और 33.76 लाख से अधिक सहयात्री शामिल रहे। यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध कराने पर प्रदेश सरकार ने 106.98 करोड़ रुपये का खर्च वहन किया।
निशुल्क यात्रा के मामले में इस वर्ष पिछले साल का रिकॉर्ड भी टूट गया। वर्ष 2025 में रक्षाबंधन के अवसर पर तीन दिनों में 78.26 लाख यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 88.94 लाख पहुंच गया। यानी पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 10.68 लाख अधिक यात्रियों ने निशुल्क बस सेवा का लाभ उठाया।
रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को निशुल्क बस यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। इस दिन कुल 49.96 लाख यात्रियों ने बसों से सफर किया। इनमें 32.47 लाख महिलाएं और 17.48 लाख सहयात्री शामिल थे। आंकड़ों के अनुसार, 27 अगस्त को 9.26 लाख, 28 अगस्त को 49.96 लाख और 29 अगस्त को 29.71 लाख यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की। इनमें महिलाओं की संख्या क्रमशः 6.03 लाख, 32.47 लाख और 16.66 लाख रही।
योगी सरकार की ओर से दी गई इस सुविधा का आर्थिक भार भी पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा है। वर्ष 2025 में निशुल्क यात्रा के लिए सरकार ने 86.98 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च वहन किया था। इस वर्ष यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ यह राशि बढ़कर 106.98 करोड़ रुपये हो गई। यानी सरकार ने पिछले साल की तुलना में करीब 20 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च किए।
परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए निशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा को सुचारु रूप से लागू करने में परिवहन निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, चालक और परिचालकों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया। विभागीय मंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया गया।
रक्षाबंधन से पहले यूपीएसआरटीसी ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिक से अधिक बसों के संचालन और प्रमुख बस स्टेशनों पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने की तैयारी की थी। 27 से 29 अगस्त तक सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक महिलाओं और उनके सहयात्रियों को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। परिवहन निगम की तैयारियों और अतिरिक्त बस संचालन के चलते पर्व के दौरान यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिली।
योगी सरकार ने वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देना शुरू किया था। वर्ष 2017 में 11.16 लाख महिला यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की थी। 2018 में यह संख्या 11.69 लाख, 2019 में 12.04 लाख और 2020 में 7.36 लाख रही। वर्ष 2021 में 9.63 लाख, 2022 में 22.32 लाख, 2023 में 29.29 लाख और 2024 में 19.78 लाख महिलाओं ने निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठाया। वर्ष 2025 में सरकार ने महिलाओं के साथ उनके सहयात्रियों को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा में शामिल किया। इसके परिणामस्वरूप तीन दिनों में कुल निशुल्क टिकटों की संख्या 78.26 लाख पहुंच गई। इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 88.94 लाख हो गया है।
