उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित बलिया जनपद में हंगर फ्री भारत ने मानवता और सेवा का बड़ा उदाहरण पेश किया है। संगठन ने जरूरतमंद परिवारों के बीच 5,000 से अधिक खाद्य पैकेट वितरित कर संकट की घड़ी में राहत पहुंचाने का कार्य किया। इस अभियान का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित लोगों तक तत्काल भोजन और सहायता उपलब्ध कराना था।
इस राहत अभियान को गति देने में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की पहल और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से हंगर फ्री भारत ने बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई। सांसद की स्वयंसेवक टीम ने भी संगठन के साथ मिलकर राहत वितरण में सक्रिय भागीदारी निभाई।

राहत सामग्री से भरे ट्रक को दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अभिनेता विंदू दारा सिंह, गुरचरण सिंह सोढ़ी, अनिल जॉर्ज तथा हंगर फ्री भारत के संस्थापक अरविंद कुमार सहित कई सहयोगी और समर्थक उपस्थित रहे।

हंगर फ्री भारत के संस्थापक अरविंद कुमार स्वयं अपनी टीम के साथ बलिया पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। स्थानीय स्वयंसेवकों और नीरज शेखर की टीम के सहयोग से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन पहुंचाया गया।
अरविंद कुमार ने कहा कि संकट के समय भोजन केवल राहत नहीं, बल्कि उम्मीद भी देता है। उन्होंने नीरज शेखर, उनकी टीम, कलाकारों, स्थानीय स्वयंसेवकों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हंगर फ्री भारत का संकल्प है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।

बाढ़ जैसी आपदा के बीच यह अभियान केवल राहत वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज के सामूहिक प्रयास और सेवा भावना का भी संदेश देता नजर आया। हंगर फ्री भारत का यह प्रयास जरूरतमंदों के लिए सहारा और उम्मीद दोनों बनकर सामने आया।
