कौशाम्बी के मनौरी में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन सामने आया है। देर रात SOG और चरवा थाना पुलिस की मुख्य आरोपी आदिल के पिता नौशाद अली से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान नौशाद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में कुल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार और नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
वहीं, मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह, चायल चौकी प्रभारी अमित द्विवेदी और पूर्व चायल चौकी प्रभारी मनीष पाल को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा दो बीट सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
