अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिल गया है। ट्रस्ट की बैठक में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को CEO नियुक्त करने के फैसले पर मुहर लगा दी गई है। उनकी नियुक्ति को राम मंदिर के निर्माण के बाद ट्रस्ट के प्रशासनिक और प्रबंधन ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
CEO पद के लिए ट्रस्ट को कुल 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे। उम्मीदवारों के चयन के लिए दिल्ली-एनसीआर, पुणे और ओडिशा के संबलपुर में विशेषज्ञ टीमों की मदद से बहुस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया कराई गई। आवेदकों की योग्यता, अनुभव और नेतृत्व क्षमता के विभिन्न स्तरों पर आकलन के बाद सर्च कमेटी ने तीन नामों का पैनल तैयार कर ट्रस्ट को सौंपा।इसी पैनल में शामिल एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर ट्रस्ट ने अंतिम सहमति जताई। चयन प्रक्रिया की अध्यक्षता रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली ने की। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए कहा कि पैनल में शामिल उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता और मेरिट के आधार पर किया गया।
दरअसल, राम मंदिर ट्रस्ट ने 6 जुलाई को CEO के चयन के लिए सर्च कमेटी के गठन की घोषणा की थी। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई और 18 जुलाई तक बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। आवेदनों की छंटनी के बाद विशेषज्ञों की मदद से कई चरणों में मूल्यांकन किया गया। अंत में तीन योग्य उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया गया, जिसमें से जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बनी।राम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, मंदिर परिसर से जुड़े प्रबंधन, विभिन्न परियोजनाओं के समन्वय और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के विस्तार को देखते हुए CEO की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज में अहम जिम्मेदारी संभालेंगे।
