देहरादून। उत्तराखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले लाखों लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अगस्त महीने की पेंशन राशि वन-क्लिक के जरिए जारी कर दी। इसके तहत प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। कुल लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लोग केंद्र की NSAP योजना के तहत, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य की योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे हैं।
अगस्त महीने में 5 हजार 605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। इनमें 3 हजार 945 वृद्धावस्था, 1 हजार विधवा और 416 दिव्यांग पेंशन लाभार्थी शामिल हैं।मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधार कार्ड नहीं बन पाने के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।
ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही पेंशन व्यवस्था को और सरल, पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
