कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। आरोपी 31 अगस्त को पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद से फरार चल रहा था।
इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया था। इसी क्रम में संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शकील को गिरफ्तार किया।
