UP Special TET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने स्पेशल टीईटी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 5 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
also read मस्जिद पर चला बुलडोजर तो कैराना की सांसद इकरा हसन उठीं भड़क

यह परीक्षा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के सरकारी, स्थानीय निकाय और सहायता प्राप्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों के लिए कार्यरत विशेष शिक्षकों (CWSN) को भी इस परीक्षा में शामिल होना होगा।
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
UP Special TET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 4 अक्टूबर तक आवेदन पत्र भरने के साथ निर्धारित शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में किसी प्रकार की गलती होने पर 8 अक्टूबर 2026 तक उसमें संशोधन किया जा सकता है। परीक्षा 3 नवंबर 2026 को निर्धारित है।आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना जरूरी होगा।
किन शिक्षकों के लिए है यह परीक्षा?
यह विशेष परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद आयोजित की जा रही है। इसमें ऐसे कार्यरत शिक्षक आवेदन कर सकते हैं, जिनकी नियुक्ति बिना TET के हुई थी और जो वर्तमान में प्राथमिक या उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने वाले राज्य सरकार, स्थानीय निकाय, मान्यता प्राप्त अथवा सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षक इसके दायरे में आएंगे। वहीं कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले उच्च प्राथमिक और जूनियर हाई स्कूलों के शिक्षक भी परीक्षा में भाग ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त करीब 2,500 संविदा विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए भी यह परीक्षा महत्वपूर्ण है। विशेष शिक्षकों के पास संबंधित क्षेत्र में आवश्यक डिग्री या डिप्लोमा के साथ भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) का वैध पंजीकरण होना आवश्यक बताया गया है।
अधिकतम उम्र 60 वर्ष
इस परीक्षा में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों और विशेष शिक्षकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 60 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना परीक्षा की निर्धारित तारीख यानी 3 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
अभ्यर्थियों की श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
- सामान्य, OBC और EWS वर्ग: 1,000 रुपये
- SC और ST वर्ग: 500 रुपये
- दिव्यांग (PH) अभ्यर्थी: 300 रुपये
शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
UP Special TET 2026 के लिए कैसे करें आवेदन?
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद Special TET 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करके प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सबसे पहले वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद प्राप्त लॉगिन विवरण से पोर्टल पर प्रवेश करके व्यक्तिगत, शैक्षणिक और श्रेणी संबंधी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद निर्धारित दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करके आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा।
परीक्षा में होंगे 150 सवाल
UP Special TET 2026 की परीक्षा ढाई घंटे की होगी। प्रश्नपत्र में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, यानी परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी।इस परीक्षा की खास बात यह है कि गलत उत्तर के लिए कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
कितने अंक पर होंगे पास?
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत हासिल करने होंगे।
वहीं SC, ST, OBC, दिव्यांग और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम उत्तीर्ण अंक 82 यानी 55 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं।
क्या है UP Special TET?
UP Special TET 2026 एक विशेष पात्रता परीक्षा है, जिसे उत्तर प्रदेश में पहले से कार्यरत उन शिक्षकों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने अभी तक TET परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है। यह परीक्षा सामान्य तौर पर नई शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए नहीं है।सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कार्यरत शिक्षकों के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर TET पास करना आवश्यक है। इसी क्रम में UPESSC द्वारा यह विशेष परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षक नए पात्रता मानकों को पूरा कर सकेंगे।
