गोरखपुर के राजघाट पर रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। हादसे में हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया कि राप्ती नदी के राजघाट पर बने गुम्बदनुमा छज्जे पर रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की प्रत्यक्षदर्शी और राजघाट पर दुकान चलाने वाली गुलजारी निषाद ने बताया कि अचानक तेज आवाज के साथ घाट पर बने गुम्बदों में से एक पर आकाशीय बिजली गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली से मृत्यु की स्थिति में शासन द्वारा अनुमन्य चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मृतकों के परिजनों को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
