उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने मंगलवार (8 सितंबर) को राज्य अल्पसंख्यक आयोग में बड़ी नियुक्तियां की हैं। सरकार ने आयोग में अध्यक्ष समेत कुल 9 नियुक्तियों पर मुहर लगाई है। पूर्व मंत्री मोहसिन रजा को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, आयोग में मोहसिन रजा के अलावा 8 सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। सभी नियुक्तियों का कार्यकाल तीन साल का होगा।
इन लोगों को बनाया गया आयोग का सदस्य
मोहसिन रजा के अलावा संदीप जैन, अंशुमान कुमार सिंह मैसी, सरदार हनप्रीत सिंह बेदी, मोहम्मद असलम, सरदार परविंदर सिंह, नेहा खान, सैय्यद सेराज अब्बास रिजवी और रूमाना सिद्दीकी को सदस्य नियुक्त किया गया है।
जिम्मेदारी मिलने पर मोहसिन रजा ने जताया सीएम योगी का आभार
अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मोहसिन रजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। मोहसिन रजा ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय की समस्याओं को सुनकर उन्हें सरकार और प्रशासन के स्तर पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर अल्पसंख्यकों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों के बीच जाकर इस गुमराही को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
2017 में पहली बार बने थे मंत्री
मोहसिन रजा ने साल 2013 में बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद उन्हें पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया। साल 2017 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद उन्हें मंत्री बनाया गया। अगस्त 2019 में उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज मामलों का राज्य मंत्री नियुक्त किया गया था।
मोहसिन रजा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। राजनीति में आने से पहले वह क्रिकेट खेल चुके हैं और रणजी ट्रॉफी में भी हिस्सा ले चुके हैं।

