बसपा में शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर जारी उठापटक का असर अब संगठन के निचले स्तर पर भी साफ दिखाई देने लगा है। आकाश आनंद को पार्टी से बाहर किए जाने के बाद पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से बसपा के पूर्व प्रत्याशी देववृत्त त्यागी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर मायावती को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
उनके इस्तीफे के बाद मेरठ में बसपा के कई पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं।देववृत्त त्यागी ने संगठन में लगातार हो रहे फेरबदल पर सवाल उठाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संगठन को मजबूत करने की जरूरत है, लेकिन लगातार लिए जा रहे फैसलों से कार्यकर्ताओं में असमंजस और अविश्वास की स्थिति पैदा हो रही है।
त्यागी का आरोप है कि पार्टी मुख्यालय में बैठे कुछ लोगों के फैसलों की वजह से संगठन मजबूत होने के बजाय कमजोर हो रहा है। ऐसे में उनके इस्तीफे को बसपा के भीतर बढ़ती नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।
