परिवार से फोन पर बात कर अखिलेश यादव ने जताई संवेदना, समाजवादी सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा
लखनऊ। लखनऊ के थाना मड़ियांव क्षेत्र के भरतनगर में हुई ह्त्या के बाद समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रभारी पूजा शुक्ला ने स्वर्गीय मदन बिहारी तिवारी के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से परिवार को एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से फोन पर की बात

पूजा शुक्ला ने परिवार की बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर कराई। परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का आभार जताया।
परिवार की ओर से कहा गया कि पूजा शुक्ला और समाजवादी पार्टी उनके दुख के समय उनके साथ खड़ी रही है और न्याय दिलाने के लिए लगातार सहयोग कर रही है।
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का आश्वासन

अखिलेश यादव ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया जाएगा।
पूजा शुक्ला ने सरकार पर साधा निशाना

पूजा शुक्ला ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधी और गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं तथा शासन-प्रशासन उन्हें रोकने में नाकाम है।
मुलाकात के दौरान ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान पार्षद ललित तिवारी, अभिषेक मिश्रा, डॉ. हमज़ा बिलाल, सुधीर मौर्य, सरकार यादव, अनिरुद्ध त्रिपाठी, ऋषि यादव, अनुराग यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
