दूसरी महिला मित्र के साथ कार में पहुंचे युवक से हुआ विवाद, सामने खड़ी युवती को टक्कर मारने का आरोप
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी महिला मित्र को कार से टक्कर मारकर मौके से फरार होने का आरोप लगा है। घटना में युवती सड़क पर गिर गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गई।
दूसरी महिला मित्र के साथ पहुंचा युवक

पुलिस के मुताबिक, सुबह अनामिका नाम की युवती जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी। इसी दौरान उसका पुरुष मित्र शाहनवाज भी एक अन्य महिला मित्र के साथ कार से वहां पहुंचा। शाहनवाज को दूसरी युवती के साथ देखकर अनामिका नाराज हो गई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
कार के सामने खड़ी हो गई युवती
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद शाहनवाज दूसरी महिला मित्र के साथ कार में बैठकर वहां से जाने लगा। इसी दौरान अनामिका कार के सामने आकर खड़ी हो गई। आरोप है कि शाहनवाज ने कार रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया, जिससे अनामिका सड़क पर गिर गई।
कार लेकर मौके से फरार हुआ युवक
घटना के बाद शाहनवाज कार लेकर मौके से फरार हो गया। युवती की ओर से पुलिस को शिकायत दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जुटा रही मामले की जानकारी

पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही घटना के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
