लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में LUMBA विभाग के निकट स्थित शिवलिंग और मंदिर की जर्जर स्थिति को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। छात्र नेता हरीश मिश्रा के नेतृत्व में छात्रों ने शुक्रवार को कुलपति को ज्ञापन सौंपकर मंदिर के ढांचे और आसपास की व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने कहा कि मंदिर की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उसके स्ट्रक्चर और ढांचे की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मंदिर के नियमित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। इस पर कुलपति ने जल्द ही स्थिति में सुधार कराने का आश्वासन दिया।छात्र नेता हरीश मिश्रा ने कहा कि शिवलिंग छात्रों और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है, इसलिए उसका सम्मानजनक रख-रखाव सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक मंदिर की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो छात्र धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन देने वालों में छात्र नेता हरीश मिश्रा के साथ आयुष पाठक, निखिल राय, विशाल द्विवेदी, रितिक रावत, विकास मिश्रा, ऋषभ मिश्रा समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।
