वाराणसी में रविवार तड़के यूपी एटीएस और झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन TPC के कमांडर बृजेश गंझू के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब 30 लाख रुपये के इनामी बृजेश को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के पास टेंगरा मोड़ इलाके में हुई।
सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि बृजेश गंझू बाइक से अपने एक साथी के साथ इलाके से गुजरने वाला है। इसके बाद एटीएस टीम ने रास्ते में घेराबंदी कर उसकी निगरानी शुरू की।पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो बृजेश ने कथित तौर पर एटीएस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान बृजेश को गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।मुठभेड़ के दौरान नक्सली की तरफ से की गई फायरिंग में एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था और TPC का प्रमुख कमांडर बताया जाता था। झारखंड में नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। उस पर झारखंड सरकार और NIA की ओर से कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वाराणसी में हुई इस कार्रवाई के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां बृजेश के नेटवर्क, उसके संपर्कों और वाराणसी में मौजूद उसके संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।

