मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग के 912 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री कुछ चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र देंगे। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहेंगे।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत इन अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित युवा शामिल हैं।नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित युवा पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देंगे। सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ पुलिस विभाग को और मजबूत करने की दिशा में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। लोकभवन में होने वाला यह कार्यक्रम चयनित अभ्यर्थियों के लिए सरकारी सेवा में नई शुरुआत का अवसर होगा।
