लखनऊ, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश में अपराध की जांच को और अधिक वैज्ञानिक बनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस की क्राइम सीन मैनेजमेंट क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत छह बैच में 40 दिन का प्रशिक्षण ले चुके 600 पुलिस अधिकारियों में से 32 विशेषज्ञ अफसरों का चयन किया गया है। अब इन्हें फॉरेंसिक साइंस और क्राइम सीन मैनेजमेंट की मास्टर ट्रेनिंग दी जा रही है।
लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) में चल रहे प्रशिक्षण में अधिकारियों को घटनास्थल से साक्ष्य सुरक्षित रखने, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, तलाशी और जब्ती, फिंगरप्रिंट और खून के नमूनों की पहचान व संग्रह की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में कृत्रिम घटनास्थल तैयार कर अधिकारियों की व्यावहारिक दक्षता भी परखी जाएगी।
यूपीएसआईएफएस के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी के मुताबिक, छह बैच में प्रशिक्षित 600 अधिकारियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 32 अधिकारियों को इस मास्टर ट्रेनिंग के लिए चुना गया है। प्रशिक्षण में हैंड्स-ऑन सेशन और एक्सपीरिएंशियल लर्निंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि अधिकारी वास्तविक घटनास्थल पर आने वाली चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपट सकें।‘स्पेशल 32’ अधिकारियों की विशेषज्ञता का इस्तेमाल आगे प्रदेश के सभी 75 जिलों में पुलिसकर्मियों की क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाएगा। इसका उद्देश्य घटनास्थल से छोटे से छोटे साक्ष्य को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित कर जांच को मजबूत आधार देना और वैज्ञानिक विवेचना की व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है।
