उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने सभी प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक की छह निर्वाचन सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। चुनाव आयोग के मुताबिक इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। सपा ने तीन मौजूदा विधान परिषद सदस्यों पर दोबारा भरोसा जताया है। इनमें आशुतोष सिन्हा, डॉ. मान सिंह यादव और लाल बिहारी यादव शामिल हैं। तीनों को पार्टी ने फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।
सपा ने खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए निम्न प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं:
- लखनऊ: कांति सिंह
- वाराणसी-मिर्जापुर: आशुतोष सिन्हा
- इलाहाबाद-झांसी: डॉ. मान सिंह यादव
- मेरठ-सहारनपुर: प्रमेंद्र भाटी
- आगरा: शशांक यादव
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सपा ने इन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है:
- लखनऊ: सुशील कुमार पटेल
- वाराणसी-मिर्जापुर: लाल बिहारी यादव
- गोरखपुर-फैजाबाद: कमलेश यादव
- मेरठ-गाजियाबाद: नितिन कुमार तोमर
- आगरा-अलीगढ़: डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता
- बरेली-मुरादाबाद: हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर
29 सितंबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।इन 11 सीटों से निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें भाजपा के अवनीश कुमार सिंह, मानवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश कुमार गोयल, उमेश द्विवेदी, श्रीचंद शर्मा और हरि सिंह ढिल्लों शामिल हैं। इसके अलावा सपा के लाल बिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा और डॉ. मान सिंह यादव, निर्दलीय आकाश अग्रवाल तथा शिक्षक श्रेणी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
