त्योहारों के दौरान प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर किसी तरह की किल्लत न हो, इसके लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कोयले की संभावित कमी से बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की ठोस योजना तैयार करने को कहा।रणवीर प्रसाद ने फीडरवार बिजली आपूर्ति की निगरानी और आंकड़ों के नियमित विश्लेषण के निर्देश दिए। अधिक लाइन हानि वाले फीडरों और बिजली आपूर्ति में बार-बार आने वाली समस्याओं वाले क्षेत्रों के लिए अलग कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया। नगरीय, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति की स्थिति के साथ फीडर मीटरों के आंकड़ों की भी समीक्षा की गई।त्योहारों को देखते हुए सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को प्रतिदिन बिजली आपूर्ति की समीक्षा कर जिलेवार रिपोर्ट लखनऊ भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट में फीडरवार ब्रेकडाउन और रोस्टिंग की जानकारी शामिल होगी। डिस्कॉम कंट्रोल रूम में हर दो घंटे पर फीडरवार रिपोर्ट मंगाने को कहा गया है, ताकि किसी भी क्षेत्र की स्थिति की तत्काल जानकारी मिल सके।बैठक में बिजली चोरी रोकने, बिल वितरण और वसूली, विद्युत दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और बिजली कार्यों की गुणवत्ता समेत कई मुद्दों की समीक्षा हुई। स्वतंत्र फीडर के उपभोक्ताओं से वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित फीडबैक लेने और बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजनेस प्लान के तहत लखनऊ समेत उन क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा गया, जहां बिजली आपूर्ति की समस्या बार-बार सामने आती है।
