उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार और सोर्सिंग के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का चौथा संस्करण अहम भूमिका निभाने जा रहा है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस आयोजन में प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, आधुनिक उद्योगों और सेवा क्षेत्र की व्यापक तस्वीर देखने को मिलेगी। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 5 लाख से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।
प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि यूपीआईटीएस प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं और सरकार ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जिसमें उद्यमियों को बाजार, निवेश, तकनीक और रोजगार के नए अवसर मिल सकें। यूपीआईटीएस 2026 का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
चौथे संस्करण में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को भी विस्तार दिया गया है। ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम इस बार पार्टनर देशों के रूप में शामिल होंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और प्रोक्योरमेंट प्रमुखों को जोड़ा जा रहा है। बीटूबी मैचमेकिंग और नेटवर्किंग के जरिए प्रदर्शकों और खरीदारों को सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा।यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक सामर्थ्य के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान भी नजर आएगी। ओडीओपी के साथ इस वर्ष ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को विशेष पहचान दी जाएगी। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय पाक विधियां और खाद्य विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लाइव परफॉर्मेंस, फैशन शो, अवॉर्ड्स और लेजर शो के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग और एमएसएमई जैसे विषयों पर नॉलेज सेशंस भी होंगे।यूपीआईटीएस 2026 में कृषि, ऑटोमोबाइल, ईवी, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फिल्म एवं मनोरंजन, फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग, पर्यटन, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा और कौशल विकास समेत कई क्षेत्रों की भागीदारी होगी। सरकारी योजनाओं, औद्योगिक नीतियों, निर्यात, निवेश और रोजगार से जुड़े अवसरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
पिछले संस्करण की सफलता के बाद इस बार आयोजन का दायरा और बढ़ाया गया है। 2025 के संस्करण में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बीटूबी विजिटर शामिल थे। 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में 2,228 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था और 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार जुड़े थे। आधिकारिक यूपीआईटीएस प्लेटफॉर्म के अनुसार, 2025 में 1,882 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 2,400 से ज्यादा एमओयू और 11,200 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी।इस बार डिजिटल सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। यूपीआईटीएस ऐप के जरिए खरीदार और प्रदर्शक कारोबारी अवसरों की पहचान करने के साथ बीटूबी बैठकों को पहले से तय कर सकेंगे। आयोजकों के मुताबिक, यूपीआईटीएस 2026 व्यापार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान, नवाचार और उद्यमशीलता को भी वैश्विक मंच देने का प्रयास करेगा।
