मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का कामकाज केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रदेश के हर क्षेत्र तक सरकार की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए। इसी उद्देश्य के तहत सरकार सीमांत, जनजातीय, कमजोर और वाइब्रेंट विलेज क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी क्रम में बनबसा में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित की गई है।सीएम धामी ने कहा कि सरकार अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर वहां की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को समझने के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत इलाकों में रहने वाले लोगों को भी शासन का सीधा लाभ मिले और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस बार राज्य का जनजातीय महोत्सव देहरादून के बजाय बनबसा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बनबसा क्षेत्र में थारू, बुक्सा और भोटिया समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों की मौजूदगी है। ऐसे में जौनसार और राजी क्षेत्र के लोगों के साथ विभिन्न समुदायों का समागम होगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को मंच मिलने के साथ क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह बढ़ेगा।
