योग गुरु बाबा रामदेव और कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच पिछले कुछ समय से चल रही सार्वजनिक बयानबाजी अब खत्म होती नजर आ रही है। बाबा रामदेव ने खुद दोनों के बीच विवाद समाप्त होने की जानकारी दी। रामदेव ने बताया कि उनकी बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात हुई, जिसमें पूर्व सांसद के मन में बनी गलतफहमियां दूर हो गईं।
बाबा रामदेव के मुताबिक, कुछ सुनी-सुनाई बातों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर बृजभूषण शरण सिंह के मन में गलतफहमी पैदा हुई थी। मुलाकात के दौरान बातचीत के जरिए यह गलतफहमी दूर कर ली गई। रामदेव ने कहा कि यदि किसी के मन में किसी बात को लेकर गलतफहमी हो जाए तो उसे बातचीत के जरिए दूर करना चाहिए। उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह का धन्यवाद भी किया।दरअसल, दोनों के बीच विवाद उस समय सार्वजनिक हुआ था, जब बृजभूषण शरण सिंह ने पतंजलि के घी और अन्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किया था। मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में हुई है। बृजभूषण ने कानूनी कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह मुकदमे का सामना करेंगे।
सितंबर में भी बृजभूषण शरण सिंह ने पतंजलि के घी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए थे और कहा था कि वह मानहानि के मुकदमे से पीछे नहीं हटेंगे। गोंडा और बहराइच में दिए गए उनके बयानों के बाद बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर यह विवाद और चर्चा में आ गया था। अब दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद रामदेव के बयान से संकेत मिला है कि आपसी मतभेद और गलतफहमियां दूर कर ली गई हैं।
