लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने दिव्यांगजनों की बस यात्रा को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। अब दिव्यांगजन अपने पहचान पत्र पर दर्ज QR कोड स्कैन कराकर ईटीआईएम मशीन से निशुल्क टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
यह सुविधा बुधवार से शुरू कर दी गई है।नई व्यवस्था में परिचालक पहले यात्रा का बोर्डिंग और अलाइटिंग स्थान दर्ज करेगा और इसके बाद ईटीआईएम मशीन में ‘दिव्यांगजन’ विकल्प चुनकर पहचान पत्र का QR कोड स्कैन करेगा। स्कैन होते ही मशीन की स्क्रीन पर यात्री की यूआईडी संख्या, नाम, जन्मतिथि, दिव्यांगता का प्रकार और प्रतिशत समेत जरूरी जानकारी प्रदर्शित होगी।
दिव्यांगता के प्रतिशत के आधार पर टिकटों की संख्या तय होगी। 80 प्रतिशत से कम दिव्यांगता होने पर एक निशुल्क टिकट जारी होगा, जबकि 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता होने पर दो निशुल्क टिकट जारी किए जाएंगे। ऐसे में पात्र दिव्यांगजन के साथ यात्रा करने वाले सहयात्री को भी नियमानुसार निशुल्क टिकट मिल सकेगा।नई व्यवस्था से परिचालकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। ईटीआईएम से जारी दिव्यांगजन के निशुल्क टिकट को लोड फैक्टर में शामिल किया जाएगा, जिससे परिचालक की प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी होगी। वहीं टिकटों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से निगरानी और रिपोर्टिंग भी आसान होगी। QR कोड स्कैन न होने की स्थिति में दिव्यांगजन को पहले की व्यवस्था के तहत यात्रा की सुविधा जारी रहेगी।इस व्यवस्था के तहत पहला शून्य मूल्य का टिकट आलमबाग बस डिपो से गौरी बाजार के लिए जारी किया गया। फिलहाल यह सुविधा नॉन-एसी साधारण बस सेवा में लागू की गई है।
