अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आए लोगों के पुनर्वास को लेकर नगर निगम ने योजना तैयार की है। चौड़ीकरण के दौरान जिन लोगों के मकान और दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनके लिए नगर निगम वेंडिंग जोन विकसित करेगा। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने योजना की जानकारी दी।योजना के तहत जिला प्रशासन नजूल की जमीन चिन्हित कर नगर निगम को उपलब्ध कराएगा।
इसके बाद चिन्हित जमीन पर नगर निगम की ओर से दुकानें बनवाई जाएंगी। इन दुकानों का आवंटन चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों को किए जाने की योजना है, ताकि उन्हें दोबारा कारोबार शुरू करने के लिए स्थान मिल सके।महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि राम पथ, धर्म पथ, राम जन्मभूमि पथ, पंचकोसी और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के लिए जमीन सहमति के आधार पर ली गई है।
उन्होंने विपक्ष के विरोध को राजनीति से प्रेरित बताया। नगर निगम के मुताबिक 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का काम लगभग पूरा होने वाला है और इसी के साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

