2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं। कोई संगठन के विस्तार और बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने में लगा है, तो कोई अपने मुद्दों और सरकार के दावों के साथ जनता के बीच पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा है।
इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 2027 के चुनाव में गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है।राजा भैया ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन को लेकर अपने सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सनातन और राष्ट्रवाद उनकी विचारधारा का हिस्सा हैं और इन मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल इन विचारों के साथ आगे आता है, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक उसका स्वागत करेगा।
2027 के चुनाव में जमीनी मुद्दों और राम मंदिर के मुद्दे के असर को लेकर पूछे गए सवाल पर राजा भैया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि योगी जी के ऊपर ईश्वर की अहैतुकी कृपा है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच कई मुद्दे हैं, चाहे वह यूजीसी से जुड़ा मामला हो, चढ़ावा चोरी का मामला हो या पेपर लीक का मुद्दा। उनके मुताबिक, इन मामलों में जनता योगी जी को निर्दोष मानती है।राजा भैया के इस बयान के बाद 2027 के चुनाव से पहले जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की गठबंधन रणनीति और उसकी राजनीतिक दिशा को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, पार्टी किस दल के साथ गठबंधन करेगी, इस पर उन्होंने फिलहाल किसी दल का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया है।

