उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को लेकर बीजेपी में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन तेज हो गया है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर बीजेपी सात सीटों पर जीत की स्थिति में है, जबकि सहयोगी दलों के समर्थन और दूसरी वरीयता के वोटों के सहारे आठवीं सीट पर भी दावा मजबूत माना जा रहा है।
ऐसे में पार्टी के भीतर टिकट के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है।बीजेपी के सात मौजूदा राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जबकि पार्टी कोटे की एक सीट पहले से खाली है। इसके अलावा डॉ. दिनेश शर्मा के अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल बनने के बाद उनकी सीट भी खाली हो रही है। ऐसे में पार्टी के सामने पुराने चेहरों को दोबारा मौका देने के साथ नए चेहरों को राज्यसभा भेजने का विकल्प है। टिकट वितरण में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने पर भी खास जोर रहने की चर्चा है।
संभावित दावेदारो में सीमा द्विवेदी के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के नाम की चर्चा है। इसके अलावा केंद्रीय स्तर के कुछ बड़े नेताओं की यूपी से राज्यसभा में वापसी की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। स्मृति ईरानी के नाम को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। हालांकि, अंतिम तस्वीर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद ही साफ होगी।

